तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 6 की मौत

लाइव हिंदी खबर :- तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक इलेक्ट्रिक बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे कोडाड मंडल के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के समय बस में कुल 43 यात्री सवार थे। बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं।


इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए विजयवाड़ा के अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार ट्रक में भारी लोहे के पिलर रखे हुए थे। बस के पीछे से टक्कर मारने के बाद पिलर को बांधने वाली चेन टूट गई। इसके बाद भारी पिलर ट्रक से निकलकर बस के अंदर जा घुसे। बस के आगे बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ और इसी वजह से कई लोगों की जान चली गई। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
यह आशंका भी जताई गई है कि बस से टक्कर से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराया हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस घटना ने एक बार फिर भारी सामान लदे वाहनों में सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top