लाइव हिंदी खबर :- उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कई दिनों से जारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। हिमाचल में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से सतलुज नदी उफान पर है। सुन्नी के ततापानी में सड़क टूटने से करसोग विधानसभा क्षेत्र का शिमला से संपर्क कट गया। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत तीन राष्ट्रीय राजमार्ग और करीब 400 सड़कें बंद हो गई हैं। उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बहने और टूटने से यातायात ठप है।

मुंबई में भी सोमवार को भारी बारिश से ट्रैफिक और रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने शाम तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार शाम 4 बजे हथिनीकुंड बैराज पर यमुना का जलस्तर 1,78,996 क्यूसेक तक पहुंच गया। सभी 18 गेट खोलने के बाद दिल्ली में जलस्तर 204.80 मीटर दर्ज किया गया।
प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। इधर, उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जबकि मध्य प्रदेश के देवास, हरदा, खंडवा और बुरहानपुर सहित 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।