लाइव हिंदी खबर :- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल का बड़ा अपग्रेड पूरा कर लिया है। नए सॉफ्टवेयर और डेटाबेस अपडेट के बाद पोर्टल का इंटरफेस बदल गया है और कई सेवाओं की प्रक्रिया भी नई हो गई है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब EPFO की वेबसाइट से यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को एक्टिवेट करना या नया UAN बनाना संभव नहीं होगा। इन दोनों सुविधाओं को पूरी तरह सरकार के UMANG ऐप पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

यदि आपका UAN अभी तक एक्टिव नहीं है या आपको नया UAN नंबर चाहिए तो अब आपको UMANG ऐप का इस्तेमाल करना होगा। ऐप में EPFO सेवाओं के तहत UAN Allotment and Activation विकल्प चुनना होगा। इसके बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा। आवश्यक जानकारी भरने और सत्यापन पूरा होने के बाद आपका UAN एक्टिव या नया UAN जारी कर दिया जाएगा। यह प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित मानी जा रही है।
EPFO ने UAN भूल जाने वाले सदस्यों के लिए भी प्रक्रिया आसान बना दी है। अब पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी दस्तावेज और OTP के जरिए अपना UAN दोबारा प्राप्त किया जा सकता है। जिन कर्मचारियों का PF खाता पहले से है लेकिन UAN नहीं मिला है वे भी UMANG ऐप के माध्यम से नया UAN प्राप्त कर सकते हैं। नया UAN उनके मौजूदा PF खाते से स्वतः लिंक कर दिया जाएगा।
EPFO का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य ऑनलाइन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय बनाना है। अब कई प्रक्रियाओं में आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि सिस्टम के स्थिर होने तक शुरुआती कुछ सप्ताह ऑनलाइन आवेदन और क्लेम के निपटारे में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है। EPFO ने सदस्यों से अपील की है कि वे एक ही अनुरोध को बार-बार सबमिट न करें और भीड़भाड़ वाले समय में अनावश्यक लॉगिन करने से बचें।