लाइव हिंदी खबर :- भारतीय नौसेना ने एक बेहद जोखिम भरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर संभावित समुद्री हादसे को टाल दिया है। संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से कोच्चि पहुंचे एक ऑयल टैंकर में जिंदा मिसाइल फंसी हुई थी जिसे नेवी की विशेषज्ञ टीम ने सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया। यह टैंकर 26 मई को ओमान तट के पास हमले का शिकार हुआ था। हमले के दौरान मिसाइल का वारहेड फटा नहीं और जहाज के बाहरी हिस्से को चीरते हुए सीधे फ्यूल टैंक में जाकर फंस गया था।

हमले के बावजूद टैंकर ने अपना सफर जारी रखा और करीब 2000 किलोमीटर की दूरी तय करके भारत के कोच्चि बंदरगाह तक पहुंच गया। रास्ते भर जहाज उसके चालक दल और आसपास के समुद्री क्षेत्र पर खतरा मंडराता रहा। टैंकर से कुछ मात्रा में तेल भी समुद्र में बहा लेकिन चालक दल ने हिम्मत नहीं हारी और जहाज को सुरक्षित भारत तक लेकर आए। इस बीच भारतीय नौसेना को जहाज में मिसाइल फंसे होने की जानकारी दे दी गई थी।
कोच्चि पहुंचने के बाद भारतीय नौसेना की एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल टीम ने मोर्चा संभाला। विशेषज्ञों ने सबसे पहले पूरे इलाके को सुरक्षित किया और आधुनिक उपकरणों की मदद से मिसाइल के विस्फोटक सिस्टम की जांच की। कई चरणों में चले इस ऑपरेशन के दौरान वारहेड को निष्क्रिय किया गया और फिर सावधानीपूर्वक बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मिसाइल को जांच के लिए सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
रक्षा मंत्रालय ने इस ऑपरेशन को भारतीय नौसेना की बड़ी उपलब्धि बताया है। मंत्रालय के अनुसार यह मिशन साबित करता है कि भारतीय नौसेना समुद्र में किसी भी तरह के खतरे और आपात स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और समुद्री रास्तों पर खतरा लगातार बना हुआ है भारत की यह कार्रवाई क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा के प्रति उसकी जिम्मेदारी और मजबूत तैयारी को भी दर्शाती है।